मोदीनगर थाना क्षेत्र की निवाड़ी रोड चौकी के अंतर्गत जगतपुरी कॉलोनी में पारिवारिक विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब झगड़ा शांत कराने पहुंचे एक युवक पर उसके ही चचेरे भाई ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय युवक अपने चाचा और चचेरे भाई के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था। युवक ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी इस बात से नाराज हो गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक की कमर के पास गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोदीनगर लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जीवन अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर जीवन अस्पताल से भी उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका मेरठ में उपचार चल रहा है।
रिपोर्टर: चिराग शर्मा
खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित/प्रसारित कराने के लिए संपर्क करें:
+91 8954535309

