Home Uttar PradeshGhaziabadबेगमाबाद जामा मस्जिद पर आज चलेगा बुलडोजर, 700 वर्गमीटर सरकारी भूमि से हटेगा अवैध निर्माण

बेगमाबाद जामा मस्जिद पर आज चलेगा बुलडोजर, 700 वर्गमीटर सरकारी भूमि से हटेगा अवैध निर्माण

by admin
29 views

मोदीनगर के बेगमाबाद स्थित जामा मस्जिद परिसर में आज नगर पालिका परिषद और तहसील प्रशासन संयुक्त रूप से कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने जा रहे हैं। प्रशासन ने मस्जिद प्रबंधन समिति को 6 जून 2026 को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर अवैध निर्माण स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद अब ध्वस्तीकरण की पूरी तैयारी कर ली गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जामा मस्जिद परिसर में नगर पालिका परिषद की लगभग 700.9 वर्गमीटर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। आरोप है कि उक्त भूमि पर 13 दुकानें और एक गोदाम बनाकर किराये पर दिए गए थे तथा उनका किराया मस्जिद प्रबंधन समिति द्वारा वसूला जा रहा था।

नगर पालिका परिषद के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद की रिपोर्ट के अनुसार, खसरा संख्या 1014 स्थित 700.9 वर्गमीटर भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया था। रिपोर्ट में सरकारी दरों के आधार पर किराया, क्षतिपूर्ति और अन्य देय राशियों को मिलाकर कुल बकाया राशि 2 करोड़ 5 लाख 23 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ नियमानुसार देय राशि की वसूली भी की जाएगी। प्रस्तावित कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। लंबे समय से चर्चा में रहे इस मामले पर अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

संवाददाता: चिराग शर्मा

खबरें एवं विज्ञापन जारी कराने के लिए संपर्क करें:
📞 +91 8954535309

Related Articles

Leave a Comment